सोनभद्र ब्यूरो कार्यालय
सोनभद्र : मारकुंडी घाटी में स्थित वीर लोरिक पत्थर स्थल पर यादव समाज की गोवर्धन पूजा संपन्न हो गई. यह पूजा हर वर्ष दीपावली के बाद गोवर्धन पूजा के मौके पर संपन्न होती है. वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार, इस दिन यादव समाज के लोग श्रीकृष्ण भगवान की पूजा करते हैं और इसके बाद पुजारी राजेंद्र यादव खौलते दूध से स्नान करते हैं. इस पूजा में यादव समाज के हजारों लोगों ने हिस्सा लिया।
भगवान श्री कृष्ण की करते हैं पूजा: पुजारी राजेन्द्र यादव ने बताया कि गोवर्धन पूजा के रूप में हम सभी श्री कृष्ण भगवान की पूजा करते हैं. दूध से स्नान करने की परंपरा भी इसी पूजा से जुड़ी हुई है. इसमें हमें ऐसी शक्ति प्राप्त होती है, जिससे खौलता हुआ दूध भी हमारे ऊपर असर नहीं करता है. प्रत्येक वर्ष पुजारी आगामी वर्ष के लिए कुछ भविष्यवाणी भी करते हैं. लेकिन इस बार उन्होंने कुछ भी भविष्यवाणी करने से इनकार कर दिया. उनका कहना था कि समय आने पर हम भविष्यवाणी भी करेंगे. उन्होंने कहा कि यह कृष्ण पूजा है. इस पूजा को द्वापर में भगवान कृष्ण ने कराया था।
अच्छी वर्षा के लिए की जाती है पूजा: गोवर्धन पूजा के दौरान हजारों लोगों की भीड़ एकत्रित थी, जिसमें यादव समाज के प्रमुख लोग उपस्थित थे. जिसमें सपा के जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव, पूर्व ब्लाॅक प्रमुख संजय यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनिल यादव, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष विजय यादव समेत तमाम लोग मौजूद थे. इन सभी के सामने पुजारी ने खौलते दूध से स्नान किया और सभी ने पूजा के दौरान पुजारी का उत्साहवर्धन और उसका स्वागत किया. पुजारी का कहना था कि यह पूजा अच्छी वर्षा के लिए की जाती है. राजनीति या अन्य विषयों पर उसने कुछ भी भविष्यवाणी करने से इनकार कर दिया।










